तब्लीग की खास जमातों में शिरकत के लिए विदेशी जमातों का पहुंचना शुरू
भोपाल। तब्लीगी इज्तिमा के एक और सफल आयोजन को लेकर दुनिया में अम्रो अमान की खास दुआ के लिए लाखों हाथ उठाने वाले दुनियाभर के मुस्लिम धर्मालुओं का भोपाल पहुंचना शुरू हो गया है। देश और विश्व में सबसे ख्यात धार्मिक समागम आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आगाज बस कुछ दिनों में ही होने को है। आज सुबह अफ्रीकी जमात जब यहां पहुंची तो उन्हें इज्तिमागाह पहुंचाने के लिए यहां पर तैनात वॉलिंटियर्स ने खुसूसी इस्तकबाल के बाद उन्हें इज्तिमा स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था की। इस साल इज्तिमा का आयोजन 22 से 25 नवम्बर तक किया जायेगा। पहली बार चार दिन तक चलने वाले इस मजहबी समागम में देश-दुनिया की सैकड़ों जमातें शामिल होंगी। ऐसे में प्रशासन और समाजसेवियों ने खास तैयारियों को अंजाम देने शुरू कर दिया है। प्रदेश के मुखिया की विशेष रुचि के चलते अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आरिफ अकील इसकी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और मुख्यमंत्री कमलनाथ को हर अपडेट दे रहे हैं। इससे पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आरिफ अकील, विधायक आरिफ मसूद, तब्लीगी जमात के इक़बाल साहब, अतीक उल इस्लाम के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं की जानकारी ली थी। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों को समय पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए थे। इनमें मुख्य रूप से सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के खास इंतजाम शामिल हैं।
रेलवे पर साफ सफाई और खास इंतजाम
सबसे पहले रेलवे जैसी सुविधाओं को इस्तमाल कर बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों से भोपाल पहुंचने वाले धर्मालुओं की आमद भोपाल स्टेशन पर ही होती है। इसके मद्देनजर रेलवे ने प्लेटफार्म और आस-पास की जगहों पर अलग से इंतजाम किए हैं। किसी प्रकार की गंदगी से मेहमानों का सामना न हो इसके लिए आसपास की जगहों को निगम प्रशासन की मदद से धुलवाया जा रहा है जबकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले मुसाफिरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए आसपास की जगहों को खुला और अतिक्रमणमुक्त कराने की कोशिश की जा रही है।
0 Comments