मप्र ओलिंपिक संघ के प्रस्ताव पर मुहर लगाने की तैयारी
खेल संघों को संचालन के लिए विशेष पैकेज देने पर विचार
भोपाल/ कोरोना काल में खेलों की दुर्दशा को सुधारने के लिए खेल संघों को राहत पैकेज देने पर विभाग विचार कर रहा है। मप्र ओलिंपिंक संघ के सुझाव पर अमल करते हुए खेल विभाग ने इस संबंध में अपनी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। इस संबंध में मप्र ओलिंपिक संघ द्वारा पूर्व में भी खेल मंत्री को पत्र लिखकर मांग की थी जिसके बाद इसपर विचार किया जा रहा है। मप्र ओलिंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक पवन कुमार जैन ने नर्मदा क्लब जबलपुर में मप्र ओलिंपिक संघ की मीटिंग के बाद यह जानकारी दी है। संचालक श्री जैन ने बताया कि खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के निर्देशानुसार खेल और खेल संघों के लिए मप्र ओलिंपिक संघ के सुझावों को स्वीकार कर लिया है। इस सुझाव के अनुसार मप्र के खेल संघों को संचालन के लिए 8 लाख रुपए की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। साथ ही रांझी स्थित 118 हेक्टेयर तालाबा को वाटर स्पोट्र्स सेंटर बनाए जाने की योजना बनाइ जा रही है। इसके अलावा जबलपुर में तीन फुटबाल मैदान, रांझी में आधुनिक तीरंदाजी अकादमियों का निर्माण और रानीताल में ग्रीन खुला मैदान बनाने की तैयारी की जा रही है।
मीटिंग के दौरान विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस मौके पर वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, भीष्म राजपूत, सारिका गुप्ता, जगत बहादुर सिंह, संयज सेट, कुलदीप बरार, शिशिर तिवारी, डब्लू लाल, अमित देव और रतन गंभीर ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी संतोष सिंह राजपूत मौजूद थे।
खेलों के विकास के लिए रोडमैप तैयार: दिग्विजय
मप्र ओलिंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि समस्त जिलों में खेलों के विकास के लिए एक रोड मैप तैयार किया गया है। साथ ही जिलों में रहने वाले पूर्व खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण कैसे दिया जाए इसपर भी विचार किया गया। इसके अलावा कोरोना के कारण खेल और खेल संघों की क्षतिपूर्ति के लिए किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई है।
0 Comments